.
शहर के मुख्य बाजार में टोडीमुंडा बालाजी से पांच बत्ती तक दिनभर में कई बार जाम लगता है। इस रास्ते से वाहनों का निकलना तो दूर पैदल जाने वालों को भी काफी परेशानी होती है। शहर में नई मंडी से पुरानी मंडी तथा टोडीमुंडा बालाजी से पांच बत्ती तक बहुत से दुकानदार अपनी दुकानों के सामने दो से चार फिट तक अतिक्रमण कर रखें है। एसबीआई की मुख्य शाखा के सामने हर समय बाइक खड़ी रहती है जिससे रास्ता अवरुद्ध हो जाता है।
दुकानों पर सामान खरीदने वाले दुकानदार भी अपनी बाइक बे तरतीब ढंग से खड़ी करते हैं। लिंक सड़क के कोने पर ठेले वाले बेतरतीब ढंग से ठेला लगाते हैं जिससे हर समय जाम लगा रहता है।
दुकानदारों को सामान सप्लाई करने के लिए बाहर से आने वाले बड़े दुकानदार अपनी गाड़ी को रास्ते में खड़ी कर दुकानों पर बैठ जाते हैं जिससे जाम लग जाता है। फिल्टर वाटर सप्लाई करने वाली गाड़ियां दुकानों के सामने खड़ी होकर पानी की केन भरती हैं। शहर में दिनभर में करीब 20-30 बार जाम लगता है। इस दौरान अगर कहीं हादसा हो जाए तो एंबुलेंस या फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी शहर में प्रवेश नहीं कर सकती है।
शहर में घूमचक्कर, नई मंडी, चुंगी नंबर तीन के निकट सहित विभिन्न स्थानों पर भी हर दिन जाम लगता है। घूमचक्कर के नजदीक अक्सर जाम की स्थिति रहती है। शहर में नगर पालिका ने कई जगह नो पार्किंग के बोर्ड लगा रखे हैं लेकिन उसके बावजूद भी वहां गाड़ियां खड़ी रहती हैं जिससे जाम लग जाता है। पालिका व सीएलजी की बैठक उठ चुका है मामला : शहर के मुख्य बाजार में अतिक्रमण के चलते जाम लगने का मामला हर बार पुलिस थाने में सीएलजी बैठक के दौरान तथा नगर पालिका की साधारण सभा की बैठक में उठाया जाता है। बैठक के दौरान जिम्मेदार अधिकारी एक-दो दिन में कार्रवाई करने का आश्वासन दे देते हैं फिर भूल जाते हैं। ^व्यापार मंडल की बैठक बुलाकर दुकानदारों को पहले समझाया जाएगा व चेतावनी दी जाएगी। उसके बाद दुकानों के सामने व मुख्य बाजार में जहां भी अतिक्रमण मिलेगा व बाइक बेतरतीब ढंग से खड़ी मिलेगी उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। राजेश चौधरी, सीआई, थाना, उदयपुरवाटी ^मुख्य बाजार के जिन दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की मदद से यातायात व्यवस्था ठीक करवाई जाएगी। एक-दो दिन बाद मुख्य बाजार की व्यवस्था ठीक करवाई जाएगी। राकेश रंगा, ईओ नगर पालिका उदयपुरवाटी