Ashadot

महिंद्रा थार रॉक्स के पहले ग्राहक ने 1.13 करोड़ देकर खरीदी एसयूवी! कार के लिए लिया VIP नंबर प्लेट

महिंद्रा थार रॉक्स के पहले ग्राहक ने 1.13 करोड़ देकर खरीदी एसयूवी! कार के लिए लिया VIP नंबर प्लेट
Spread the love share


नई दिल्ली. महिंद्रा थार रॉक्स (Mahindra Thar Roxx) का काफी दिनों से इंतजार कर रहे लोगों के लिए एक अच्छी खबर है. कंपनी ने इस एसयूवी की डिलीवरी इसके पहले ग्राहक को की है. लेकिन इस एसयूवी की पहली यूनिट की डिलीवरी लेने वाला ग्राहक बेहद खास है और उसने इसके लिए करोड़ों रुपये की कीमत चुकाई है. दरअसल, महिंद्रा थार रॉक्स की पहली यूनिट को नीलामी के जरिये मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक आकाश मिंडा को बेचा गया है. 001 नंबर प्लेट की पहली महिंद्रा थार रॉक्स की डिलीवरी आकाश मिंडा को दिल्ली के महिंद्रा डीलरशिप से की गई है.

आकाश मिंडा ने थार राॅक्स के पहले यूनिट को नीलामी के जरिये 1.31 करोड़ रुपये में ख़रीदा है. बता दें कि आकाश मिंडा ने साल 2020 में थार के 3 डोर मॉडल को भी नीलामी में ख़रीदा था. उस समय भी उन्हें इस कार के लिए 001 नंबर प्लेट दिया गया था. आइए जानते हैं महिंद्रा थार रॉक्स की डिलीवर होने वाली इस पहली यूनिट में क्या है खास.

टॉप वैरिएंट की हुई डिलीवरी
दरअसल, डिलीवर की गई थार रॉक्स की पहली यूनिट पूरी तरह से लोडेड AX7 L ऑटोमैटिक 4X4 डीजल मॉडल है जो कई लग्जरी फीचर्स से लैस है. इस मॉडल के कुछ टॉप फीचर्स में लेवल-2 ADAS सिस्टम, वेन्टीलेटेड सीट, प्रीमियम हर्मन कार्डन साउंड सिस्टम शामिल हैं. इस कार में फर्स्ट यूनिट का एक स्पेशल बैज भी लगाया गया है जिसमें आनंद महिंद्रा के सिग्नेचर के साथ ’01’ नंबर लिखा गया है जिससे पता चलता है कि ये पहली यूनिट है.

पुराने वर्जन से दोगुनी संख्या में लगी बोली
महिंद्रा थार रॉक्स की पहली यूनिट की नीलामी 15 और 16 सितंबर को आयोजित की गई, जिसमें शुरूआती कीमत 25 लाख रुपये रखी गई थी. मात्र 24 घंटों के भीतर, बोली एक करोड़ रुपये से अधिक तक पहुंच गई. इस आयोजन में 10,980 से अधिक रजिस्ट्रेशन हुए, जो पिछले थार 3-डोर मॉडल की नीलामी की तुलना में लगभग दोगुने थे.

नीलामी से जुटाई गई सभी राशि के साथ महिंद्रा का मिलान योगदान नंदी फाउंडेशन को दान किया जाएगा, जो भारत में किसानों और लड़कियों के जीवन को सुधारने पर केंद्रित है.

महिंद्रा थार रॉक्स का इंजन ऑप्शन
महिंद्रा थार रॉक्स दो इंजन विकल्पों में उपलब्ध है जिसमें 2.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल और 2.2-लीटर डीजल शामिल है. नीलामी में रखी गई मॉडल 2.2-लीटर डीजल इंजन से लैस है, जो 172bhp पॉवर और 370Nm टॉर्क जनरेट करता है. इसमें 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन और लो रेंज के साथ 4-व्हील ड्राइव सिस्टम शामिल है. जब बुकिंग 3 अक्टूबर को खोली गई, तो इसमें भारी रुचि देखने को मिली, और सिर्फ एक घंटे में 1.76 लाख यूनिट की बुकिंग हो गई थी.

मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक आकाश मिंडा ने इस प्रतिष्ठित एसयूवी की विरासत को मजबूत करने के प्रति अपनी उत्सुकता व्यक्त की. उन्होंने इस नीलामी के महत्व पर जोर दिया और कहा कि यह एक ऐसा माध्यम है जो मानवता के लिए लाभकारी कारणों का समर्थन करता है.

टैग: महिंद्रा एंड महिंद्रा, Mahindra Thar



Source link


Spread the love share
Exit mobile version