मृतका मुन्ना देवी की फाइल फोटो।
नवादा के नारदीगंज प्रखंड के हड़िया गांव में बिजली विभाग की घोर लापरवाही से एक 63 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान स्वर्गीय बसु मांझी की पत्नी मुन्ना देवी के रूप में हुई है। घटना उस समय हुई जब मुन्ना देवी अपने घर के बाहर कचरा फेंकने गई
।
घर के सामने स्थित ट्रांसफॉर्मर की अर्थिंग की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश है।
बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही के कारण इस तरह की घटनाएं आम हो गई हैं। कहीं बिजली के तार लटके हुए हैं तो कहीं खराब उपकरणों की मरम्मत नहीं की जाती। लोगों का कहना है कि न तो बिजली विभाग और न ही पुलिस इस तरह की घटनाओं पर कोई ठोस कार्रवाई करती है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।