बेतिया के गौनहा थाना क्षेत्र के मरजदी सरेह में रविवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अब्दुल नासिर के 24 वर्षीय बेटे इजमामुल हक के रूप में हुई है।
।
दो अन्य घायल, अस्पताल में भर्ती
इस घटना में पहले पक्ष के दो अन्य लोग असीम अहमद और वसीम अख्तर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज बेतिया गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, दूसरे पक्ष में कयामुद्दीन उर्फ प्रिंस और उनके परिवार के लोग शामिल थे। घटना के बाद आरोपी पक्ष के सभी सदस्य महिलाओं समेत घर छोड़कर फरार हो गए। उनके मकानों पर ताले लटके मिले हैं।
एसडीपीओ बोले – दूसरे पक्ष के भी लोग हुए घायल
नरकटियागंज के एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि दूसरे पक्ष के कुछ लोग भी झड़प में घायल हुए हैं, लेकिन वे इलाज के लिए अस्पताल नहीं पहुंचे हैं और फरार हैं। पुलिस ने मृतक के पिता अब्दुल नासिर की लिखित शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया
इजमामुल हक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। इलाके में तनाव को देखते हुए अनुमंडल के कई थानों की पुलिस को माधोपुर में तैनात किया गया है।
गांव में तनाव, पुलिस कर रही छापेमारी
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सन्नाटा और तनाव का माहौल है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। स्थानीय लोगों से पूछताछ जारी है। एसडीपीओ ने बताया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी की जाएगी।