Bihar Top News Live: सांसद पप्पू यादव पहुंचे पटना के बेउर जेल, बढ़ी पुलिस की तैनाती

Spread the love share


बिहार टॉप न्यूज़ लाइव: बिहार के भागलपुर से बड़ी खबर है. तिलकामांझी थाना क्षेत्र के नवाबबाग कॉलोनी स्थित टेक्नो मिशन स्कूल के हॉस्टल में इंटर कॉमर्स के छात्र आदित्य कुमार ने मौत को गले लगा लिया. घटना की सूचना के बाद कोचिंग के छात्रों और पुलिस के द्वारा छात्र को जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. मृतक युवक सन्हौला थाना क्षेत्र के मधुबन गांव का रहने वाला था. स्कूल के हॉस्टल में आदित्य और उसका छोटा भाई रहता था. दूसरी खबर बेतिया से है. जहां शिकारपुर के एक गांव में तालिबानी फैसला से शर्मसार एक किशोरी ने मौत को गले लगा लिया. बीती रात एक नाबालिग प्रेमी जोड़े को ग्रामीणों ने पकड़कर बंधक बना लिया. ग्रामीणों ने दोनों की पिटाई की और उनका वीडियो वायरल कर दिया. नाबालिग प्रेमी को ग्रामीणों ने हाथ बांध कर बुरी तरह पिटाई की उसका बाल काट दिया उसे नंगा कर दिया गया. इतना ही नहीं लड़के के मुंह पर कालिख पोतकर चप्पल का माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया और बाद में उसे उसके परिजन के हवाले कर दिया. वीडियो वायरल होने के बाद नाबालिग लड़की ने फंदे से लटक अपनी जान दे दी.

सांसद पप्पू यादव को लाया गया पटना बेउर जेल
पटना से बड़ी खबर सामने आ रही है. सांसद राजीव रंजन और सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी के बाद दोनों को पटना के बेउर जेल लाया गया है. पप्पू यादव को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एंबुलेंस से बेउर जेल पहुंचाया गया. बताया जा रहा है कि पप्पू यादव एंबुलेंस के अंदर ही बैठे रहे और उसी एंबुलेंस को सीधे जेल परिसर के भीतर ले जाया गया. गिरफ्तारी के बाद बेउर जेल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पूरे इलाके में पुलिस बल की तैनाती की गई है.

  • तेजस्वी यादव ने राजद कार्यकर्ताओं को संबोधित किया

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राजद दफ्तर में बयान दिया. उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद जनता को संबोधित करते हुए बोले- लोगों ने चुनाव में हम पर जो विश्वास जताया उसके लिए धन्यवाद देता हूं. जिस तरह लालू कभी डरे नहीं उस तरह तेजस्वी भी कभी डरेगा नहीं. जब लालू जी साजिश के तहत जेल गए उसके बाद मैं काम कर रहा हूं. हर जिले में हमने साथ में काम किया. २०१५ में पहले बार लोगो के प्यार से चुनाव जीता. देश में सबसे कम उम्र का डिप्टी सीएम बना. नीतीश कुमार जो जब बीजेपी के साथ जाना था तो मुझ पर आरोप लगाया गया. मेरी भ्रूण हत्या करने की कोशिश की गई. २०२० में हमने चुनाव लगभग जीत गए थे पर गड़बड़ से हमें हराया गया. अब तक मुझे पार्टी की बड़ी जिम्मेदारी नहीं मिली थी. अब मुझे पार्टी में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है. आने वाले दिनों में संगठन को मजबूत बनाने का कमा करेंगे. विरोधी ने लोकतंत्र को मशीन तंत्र बना दिया है. चुनाव में हमारे लोगो पर फर्जी मुकदमा किया गया. हमारे कार्यकर्ताओं को फर्जी मुक़दमा कराकर तंग किया जा रहा है. हमारे कार्यकर्ताओं को अपमान किया गया तो हमलोग ईंट से ईंट बजा देंगे. शेखपुरा के आरजेडी नेता को वसूली की धमकी दी जा रही है. नया सरकार डर तंत्र पर काम कर रही है और डरा रही है. हम लोग डरने वाले लोग नहीं है. अब हम लोग संगठन को सबसे मजबूत पार्टी बनाने का कम करेंगे.

  • दरभंगा में हादसा, तालाब में गिरी स्टूडेंट से भरी स्कॉर्पियो

दरभंगा में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब इंटर परीक्षा देने जा रहे छात्रों से भरी एक स्कॉर्पियो तालाब में गिर गई. हादसा एमएमटीएम कॉलेज परिसर के पास हुआ. वाहन में सवार केवटी प्रखंड के हनुमान नगर दूधिया गांव के 12 छात्र-छात्राएं थे. स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. सूचना मिलने पर पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और स्कॉर्पियो को भी तालाब से बाहर निकाला गया. गनीमत रही कि सभी छात्र सुरक्षित हैं और कुछ देर बाद परीक्षा देने चले गए.

  • पप्पू यादव जमानत पर सोमवार को होगी सुनवाई

सांसद पप्पू यादव केस की सुनवाई सोमवार को होगी. फिलहाल, हॉस्पिटल में ही उनका इलाज होगा. जेल नहीं भेजा जाएगा. उन्हें पीएमसीएच से सिविल कोर्ट लाया गया. एक पुराने मामले में कल देर रात सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी हुई थी. वकील ने कहा कोर्ट ने सोमवार का समय दिया है, उनके स्वास्थ्य को देखते हुए उनका इलाज pmch में होगा.

  • बिरयानी की दुकान पर जमकर चलाए डंडे, दबंगों ने कर्मचारियों को पीटा

पूर्णिया के सहायक खजांची थाना के लाइन बाजार छोटी मस्जिद के पास दबंगों ने एक बिरयानी के दुकान में जमकर तोड़फोड़ कर दी. साथ ही मारपीट में दुकानदार का स्टाफ आरिफ गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. 15- 20 की संख्या में दबंग युवक अपने हाथों में लाठी डंडा लिए पहुंचे थे और दुकान का शीशा और अन्य सामान को तोड़ दिया. पीड़ित दुकानदार मोहम्मद अकबर आलम ने कसाई टोला निवासी मोहम्मद मुन्ना, इमरान ,बबलू , सोनू समेत कई लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है. जिसमें उन्होंने कहा कि ये लोग कल शाम में उनके दुकान में आकर बिरयानी खाया और शराब पीना चाह रहे थे. जब उसके स्टाफ ने उसे मना किया तो अपने अन्य साथियों को बुला लिया और दुकान में जमकर तोड़फोड़ और मारपीट किया. इस दौरान गल्ले से ₹25000 भी लूट लिया. सहायक खजांची थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष का आवेदन मिला है. सीसीटीवी के फुटेज के आधार पर चिन्हित कर सभी पर कार्रवाई की जा रही है.

  • पप्पू यादव के इलाज पर डॉक्टर ने क्या बताया?

पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट राजीव कुमार सिंह ने सांसद पप्पू यादव की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर बयान दिया है. उन्होंने बताया कि पप्पू यादव की जांच की गई है और फिलहाल उनका अल्ट्रासाउंड किया जा रहा. उन्होंने कहा कि पप्पू यादव पहले से ही इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट में इलाज कराते रहे हैं और जरूरत पड़ने पर उन्हें वहीं शिफ्ट किया जा सकता है. फिलहाल, उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है. डॉक्टरों के अनुसार सभी आवश्यक टेस्ट किए जा रहे हैं और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही उनकी स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी.

  • आरा में साइबर ठगी करने वाला गैंग पकड़ा गया

आरा साइबर पुलिस ने ठगी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है. दूसरे के नाम पर बैंक खाता खुलवाकर ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में एक बैंक का मार्केटिंग पदाधिकारी भी शामिल है, जो कमीशन के बदले फर्जी तरीके से अकाउंट खुलवाने में साइबर ठगों की मदद करता था. आरोपियों की पहचान गजराजगंज ओपी क्षेत्र के बीबीगंज निवासी रोहित कुमार, मसाढ़ के मोहित कुमार और कोईलवर थाना क्षेत्र के देवरिया निवासी सुमन सौरभ चौहान के तौर पर हुई है. सुमन सौरभ चौहान एक निजी बैंक में मार्केटिंग पदाधिकारी के पद पर कार्यरत है. पुलिस ने तीन मोबाइल भी जब्त किए हैं, जिनकी जांच में साइबर ठगी से जुड़े अहम साक्ष्य मिले हैं. साइबर डीएसपी स्नेह सेतू ने बताया कि इन फर्जी बैंक खातों से महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान से साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें दर्ज थी. पीड़ितों से ठगी की गई रकम इन्हीं म्यूल बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती थी. पांच फरवरी 2026 को आरा नगर थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक दूसरे लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने रोहित कुमार और मोहित कुमार को हिरासत में लिया. पूछताछ और मोबाइल जांच में ठोस साक्ष्य मिलने के बाद दोनों को आरा साइबर थाना को सौंप दिया गया. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया जरूरतमंद और भोले-भाले लोगों को लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे. इसके बाद पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज गिरोह के सरगना को सौंप दिए जाते थे.

  • कुख्यात अपराधी प्रिंस के एनकाउंटर पर क्या बोले पिता?

बिहार एसटीएफ और वैशाली पुलिस द्वारा कुख्यात अपराधी प्रिंस के एनकाउंटर के बाद उसके पिता का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने पुलिस की कार्रवाई का समर्थन करते हुए एनकाउंटर के लिए धन्यवाद दिया है. प्रिंस के पिता ने कहा कि जब भी पुलिस से उनकी बातचीत होती थी, वे खुद प्रिंस का एनकाउंटर करने की बात कहते थे. उन्होंने बताया कि प्रिंस बचपन में पढ़ाई में था, लेकिन बाद में उसने पढ़ाई छोड़कर अपराध की दुनिया का रास्ता चुन लिया. इससे पूरा परिवार लगातार परेशान और भय के साए में जी रहा था.

  • आज बिहार विधानसभा स्थापना दिवस मनाया जाएगा

बिहार विधानसभा का स्थापना दिवस समारोह आज मनाया जाएगा. इस अवसर पर विधानसभा के सेंट्रल हॉल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. वे सेंट्रल हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान “सशक्त विधायक, सशक्त लोकतंत्र” विषय पर व्याख्यान देंगे. स्थापना दिवस समारोह में विधानसभा के सदस्य, मंत्री और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे. इस कार्यक्रम के जरिए लोकतांत्रिक मूल्यों, विधायी भूमिका और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला जाएगा.



Source link


Spread the love share