PMCH होगा पेपरलेस, मरीजों को मिलेगी डिजिटल सुविधा: मई महीने से फ्री वाई-फाई सुविधा, लंबी लाइनों से मिलेगी राहत – Patna News

Spread the love share


बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पतालों में से एक पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) अब पूरी तरह डिजिटल होने जा रहा है। मरीजों को बेहतर सुविधाएं देन के उद्देश्य से अस्पताल को हाईटेक बनाया जा रहा है।

.

इसी कड़ी में मई के दूसरे सप्ताह से PMCH के नए भवन परिसर में वाई-फाई सुविधा शुरू की जाएगी। आगे अस्पताल की पूरे सिस्टम को पेपरलेस बनाने की दिशा में भी कदम उठाए जाएंगे।

PMCH का आधुनिक सुविधाओं से लैस नया भवन।

BSNL बिछा रही लीज लाइन, 40 लाख लागत

अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, राज्य सरकार ने इस परियोजना को मंजूरी दे दी है। भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) द्वारा लीज लाइन बिछाने का कार्य शुरू हो चुका है। इसमें करीब 40 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

PMCH होगा पेपरलेस, मरीजों को मिलेगी डिजिटल सुविधा: मई महीने से फ्री वाई-फाई सुविधा, लंबी लाइनों से मिलेगी राहत - Patna News

कनेक्टिविटी की समस्या से मिलेगा छुटकारा

PMCH के नए भवन परिसर में इंटरनेट नेटवर्क की समस्या लंबे समय से एक बड़ी चुनौती रही है। मरीजों, डॉक्टरों और कर्मचारियों सभी को कनेक्टिविटी में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। वाई-फाई सुविधा शुरू होने से इस समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।

हर फ्लोर पर मिलेगा फास्ट इंटरनेट

वाई-फाई सुविधा के बाद अस्पताल के हर फ्लोर पर फास्ट इंटरनेट नेटवर्क उपलब्ध होगा। इससे मरीजों के साथ-साथ डॉक्टरों और स्टाफ के लिए भी कार्य प्रक्रिया आसान और तेज हो जाएगी। ऑनलाइन रिपोर्ट देखने, मरीजों का डेटा अपडेट करने और अन्य डिजिटल सेवाओं का उपयोग अब बिना किसी रुकावट के संभव होगा।

PMCH का नया भवन। (फाइल फोटो)

PMCH का नया भवन। (फाइल फोटो)

पेपरलेस सिस्टम की ओर बढ़ेगा अस्पताल

अस्पताल प्रशासन का लक्ष्य सिर्फ वाई-फाई सुविधा देना नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम को डिजिटल बनाना है। आने वाले समय में सभी विभागों को आपस में जोड़ा जाएगा, जिससे मरीजों का पूरा रिकॉर्ड डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेगा। मरीजों की फाइलें, जांच रिपोर्ट, दवाओं का विवरण और इलाज से जुड़ी सभी जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध होगी।

इस पहल के बाद कागजी कार्यवाही पर निर्भरता कम होगी और PMCH पूरी तरह पेपरलेस सिस्टम की ओर अग्रसर होगा, जिससे इलाज की प्रक्रिया और भी सुगम होने की उम्मीद है।

मरीजों को मिलेगा सीधा फायदा

इस डिजिटल बदलाव का सबसे बड़ा लाभ मरीजों को मिलेगा। अभी अस्पताल में लंबी लाइनें लगती हैं और कागजी प्रक्रिया के कारण काफी समय बर्बाद होता है। लेकिन पेपरलेस सिस्टम लागू होने के बाद रजिस्ट्रेशन से लेकर इलाज तक की प्रक्रिया डिजीटल और तेज हो जाएगी।

मरीजों को बार-बार अलग-अलग काउंटर पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उनकी पूरी जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी। इससे भीड़भाड़ कम होगी और मरीजों को जल्दी इलाज मिल सकेगा।

डॉक्टरों के लिए भी काम होगा आसान

डिजिटल सिस्टम लागू होने से डॉक्टरों को भी काफी राहत मिलेगी। अभी मरीजों की फाइल ढूंढने और रिकॉर्ड देखने में समय लगता है, लेकिन डिजिटल डेटा उपलब्ध होने पर डॉक्टर तुरंत मरीज की पूरी मेडिकल हिस्ट्री देख सकेंगे। इससे सही और तेज इलाज संभव होगा। साथ ही इमरजेंसी की स्थिति में भी मरीजों का डेटा तुरंत उपलब्ध रहेगा, जिससे जान बचाने में मदद मिलेगी।

पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल।

पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल।

पारदर्शिता और निगरानी में होगा सुधार

पेपरलेस और डिजिटल सिस्टम लागू होने से अस्पताल की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी। हर प्रक्रिया रिकॉर्ड में होगी, जिससे किसी भी तरह की गड़बड़ी की संभावना कम हो जाएगी।

इसके अलावा प्रशासन के लिए भी अस्पताल की निगरानी करना आसान होगा। कौन-सा विभाग कैसे काम कर रहा है, कितने मरीज आ रहे हैं, कितनी दवाएं इस्तेमाल हो रही हैं। इन सभी जानकारियों को आसानी से ट्रैक किया जा सकेगा।

डिजिटल सेवाओं को विस्तार देने की योजना

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि यह केवल शुरुआत है। आने वाले समय में मरीजों के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट, डिजिटल प्रिस्क्रिप्शन और मोबाइल ऐप जैसी सुविधाएं भी शुरू की जा सकती हैं। इसके अलावा टेलीमेडिसिन जैसी सेवाओं को भी बढ़ावा देने की योजना है, जिससे दूर-दराज के मरीज भी विशेषज्ञ डॉक्टरों से सलाह ले सकेंगे।

बिहार के स्वास्थ्य सिस्टम में बड़ा बदलाव

पीएमसीएच का यह कदम बिहार के स्वास्थ्य सिस्टम के लिए एक बड़ा बदलाव साबित हो सकता है। यदि यह मॉडल सफल रहता है तो राज्य के अन्य सरकारी अस्पतालों में भी इसे लागू किया जा सकता है। डिजिटल हेल्थ सिस्टम से न केवल मरीजों को बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।

पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का हाईटेक और पेपरलेस बनने की दिशा में उठाया गया यह कदम मरीजों के लिए बड़ी राहत लेकर आने वाला है। अगर योजना समय पर और सही तरीके से लागू होती है, तो पीएमसीएच देश के सबसे आधुनिक सरकारी अस्पतालों में शामिल हो सकता है।



Source link


Spread the love share

Leave a Reply