Bihar Top News Today 17th October 2024: बिहार सरकार अवैध बालू माफियाओं के खिलाफ सख्त रवैया अपना रही है। सरकार ने साफ किया है कि बालू खनन पर ड्रोन और हेलिकॉप्टर के जरिए नजर रखी जाएगी। जहरीली शराब से अब तक 15 लोग मरे हैं।
बिहार टॉप न्यूज़ टुडे 17 अक्टूबर 2024: बिहार में जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। इस मामले की जांच के लिए अब SIT बना दी गई है। सरकार ने बिहार के दो बैंकों के विलय का प्लान तैयार किया है। बिहार एयरपोर्ट का निर्माण कार्य जनवरी के महीने से शुरू होगा। यह एयरपोर्ट सालाना एक करोड़ यात्रियों की क्षमता वाला होगा। बिहार सरकार अवैध बालू माफियाओं के खिलाफ सख्त रवैया अपना रही है। सरकार ने साफ किया है कि बालू खनन पर ड्रोन और हेलिकॉप्टर के जरिए नजर रखी जाएगी।
पढ़ें प्रमुख खबरें-:
बिहार के दो ग्रामीण बैंकों का एकीकरण होगा। केंद्र सरकार बैंकों के पुनर्गठन की प्रक्रिया के तहत मार्च 2025 के पूर्व इसकी घोषणा कर सकती है। इसके लिए केंद्रीय वित्त मंत्रालय के स्तर पर तैयारी की जा रही है। राज्य में उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक एवं दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक संचालित है। बिहार के 39 हजार 73 गांवों के लोगों को यह बैंकिंग सेवा देती है। इनके एकीकरण से राज्यस्तर पर एक ग्रामीण बैंक कार्य करेगा। मालूम हो कि राज्य में इसके पूर्व 1 जनवरी, 2019 को मध्य बिहार ग्रामीण बैंक और बिहार ग्रामीण बैंक का विलय कर दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक बनाया गया था। दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक, भारत का सबसे बड़ा ग्रामीण बैंक है। इसका प्रधान कार्यालय पटना में है। उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक का प्रधान कार्यालय मुजफ्फरपुर में है। बैंकों के विलय के बाद नया नाम और मुख्यालय कहां होगा, अभी यह तय नहीं हुआ है।
बिहार देश का ऐसा पहला राज्य होगा जहां तीन ट्रांसजेंडरों को एक साथ दारोगा पद के लिए नियुक्ति पत्र सौंपा जाएगा। दरअसल राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सूबे के नवनियुक्त 1239 पुलिस अवर निरीक्षकों (दारोगा) को नियुक्ति पत्र देंगे। बिहार में पहली बार ट्रांसजेंडर पुलिस अवर निरीक्षकों को भी इस मौके पर नियुक्ति पत्र सौंपा जाएगा।
बिहार में एक अदालत ने 66 साल के बुजुर्ग को 20 साल जेल की सजा सुनाई है। अदालत ने 66 साल के वृद्ध को नौ साल की एक लड़की से रेप का दोषी माना है। मामला बेगूसराय जिले का है। जिले में स्थित पॉक्सो कोर्ट के विशेष न्यायाधीश महेश प्रसाद सिंह ने 66 साल के जागो महतो उर्फ जगदीश महतो को पॉक्सो अधीनियम की धारा-5 (एम)/6 के तहत दोषी पाया है। अदालत ने दोषी को 20 साल सश्रम जेल और 20000 रुपया जुर्माना भरने का आदेश दिया। दरअसल यह पूरा मामला 6 दिसंबर, 2023 का है। इस दिन पांचवीं क्लास में पढ़ने वाली 9 साल की छात्रा स्कूल से मिड डे मील खाकर बर्तन रखने के लिए अपने घर गई थी।
राजधानी पटना के पॉश इलाके कांटी फैक्ट्री रोड में बुधवार को नकली शराब बनाने के कारखाना का खुलासा हुआ है। उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के छापे में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही कारखाने से पैकिंग मशीन, ड्रायर, 800 खाली बोतल, 44 बोतल शराब, 200 पीस ढक्कन, 600 रैपर जब्त किए गए हैं। पूछताछ में पता चला है कि कारखाने में लंबे समय से नकली शराब बनाई जाती थी तथा शहर के अलग-अलग हिस्सों में बेची जाती थी।
बिहार के बालू घाटों की निगरानी ड्रोन के साथ हेलीकॉप्टर से भी की जाएगी। इसके लिए वैसे बालू घाटों का चयन किया जाएगा, जहां से अवैध खनन की शिकायतें बड़ी संख्या में सामने आएंगी। अवैध खनन रोकने के लिए हेलीकॉप्टर से वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। खान एवं भूतत्व मंत्री सह उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को विकास भवन सचिवालय के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि बालू घाटों की नीलामी के पहले इनका पर्यावरण क्लियरेंस और खनन प्लान तैयार कर दिया जाएगा। जिन्हें नीलामी में खनन पट्टा मिलेगा, उन्हें इसके साथ ही पर्यावरण क्लियरेंस समेत अन्य सभी जरूरी कागजात भी मुहैया करा दिए जाएंगे। इससे खनन शुरू करने में देरी नहीं होगी। खनन पट्टा मिलने के 15 दिनों के अंदर विभागीय पदाधिकारियों को भी ठेकेदारों को सभी जरूरी कागजात मुहैया कराने का निर्देश दिया गया है। ऐसा नहीं करने वाले पदाधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। पट्टा लेने वाले ठेकेदार के स्तर से खनन कार्य शुरू करने में अकारण देरी करने पर भी जुर्माना वसूला जाएगा।
बिहटा हवाई अड्डा: बिहार की राजधानी पटना के नजदीक बिहटा एयरपोर्ट का निर्माण अगले साल जनवरी से होगा। सालाना एक करोड़ यात्री क्षमता वाले इस हवाईअड्डे का निर्माण दो चरणों में होगा। पहले चरण में इसे 50 लाख यात्री क्षमता के लायक बनाया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में क्षमता दोगुनी की जाएगी। दरअसल बिहटा एयरपोर्ट पर टर्मिनल बिल्डिंग बनाने के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। एएआई मुख्यालय से जारी टेंडर के अनुसार बिहटा का टर्मिनल भवन जी-प्लस टू होगा।
बिहार में जहरीली शराब से मौत के आंकड़े बढ़ रहे हैं। सीवान और छपरा में जहरीली शराब से अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें सीवान के 11 और छपरा के चार लोग शामिल हैं। सीवान जिले के चार गांवों के 11 लोगों की शराब पीने से हुई मौत के मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज कर दी गई है। पुलिस की अब तक की जांच में पता चला है कि लकड़ी नबीगंज के एक धंधेबाज के पास से बेलासपुर में शराब लाई गई थी। भगवानपुर हाट प्रखंड के बेलासपुर गांव के धंधेबाज से ही शराब खरीदकर लोगों ने पी थी। यहीं से शराब मशरक के इब्राहिमपुर में भी लाई गई थी, जहां से सारण के लोगों ने खरीद कर पी थी।
बिहार में एक थानाध्यक्ष ने फांसी के फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली है। सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर कुंदन कुमार ने बुधवार को गले में फंदा लगा आत्महत्या कर लिया। बैरगनिया थाना कैंपस स्थित सरकारी आवास के कमरे में देर रात उनका शव फंदे से झुलता हुआ पाया गया है। कुंदन कुमार दानापुर के विक्रम के रहने वाले बताये जा रहे है। घटना की सूचना पर एसपी मनोज कुमार तिवारी समेत जिले के सभी वरीय पदाधिकारी व कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।