एनएच पर एथेनॉल टैंकर में लगी आग: गियर बॉक्स से निकली चिंगारी से हादसा, मौके पर पहुंची दमकल की टीम – Begusarai News

Spread the love share


बेगूसराय में NH-122 (पुराना NH-28) पर आज देर शाम बड़ा हादसा टल गया। एथेनॉल लोड टैंकर में लगी आग पर स्थानीय लोगों के प्रयास से काबू पाया गया। घटना बछवाड़ा थाना क्षेत्र के रानी पंचायत-एक में एनएच पर झमटिया ढाला और मल्लिक ढाला के बीच की है।

बताया जा रहा है कि देर शाम दलसिंहसराय की ओर से आ रहे एक टैंकर में लोगों ने आग लगा देखा तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बछवाड़ा थाना की पुलिस और फायर ब्रिगेड की चार गाड़ी पहुंची। स्थानीय लोगों के प्रयास से करीब 1 घंटे की कोशिश के बाद आग पर काबू पाया गया।

मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम और भीड़।

वाहनों की लगी लंबी लाइन

इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। आसपास के सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। आग लगने के दौरान सबसे अधिक साहस श्रवण टोल निवासी सुरेन्द्र पासवान, नारेपुर पश्चिम निवासी सुनील यादव और नारेपुर निवासी मनीष कुमार दास ने दिखाया। इन तीनों युवकों ने फायर ब्रिगेड को सहयोग करते हुए जान की बाजी लगाकर आग पर काबू पाया।

घटना के संबंध में टैंकर चालक नवादा जिला के रजौली निवासी नीतीश कुमार यादव ने बताया कि वह आरा से एथेनॉल लेकर आईओसीएल रिफाइनरी जा रहा था। इसी दौरान एक ट्रक को बचाने के चक्कर में जब तेजी से ब्रेक लगाया तो गियर बॉक्स में अचानक आग लग गई। आग लगते ही गाड़ी रोकी और गाड़ी में मौजूद फायर सिलेंडर से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद फायर ब्रिगेड और डायल-112 को सूचना दी।

मौके पर जुटी भीड़।

मौके पर जुटी भीड़।

इंजन तक ही रही आग

सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। आग सिर्फ इंजन में लगी थी, टैंक में आग लगने पर बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आग पर काबू पाए जाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। घटना की सूचना टैंकर मालिक और संबंधित अधिकारियों को भी दी गई है।



Source link


Spread the love share