कूलर में करंट उतरा, 5वीं की छात्रा की मौत: पिता बोले- सुबह से गेहूं काटने गए थे, घर पहुंचा तो बेटी बेहोश मिली; वो पढ़ाई में होनहार थी – Khandwa News

Spread the love share




कूलर में करंट उतरने से 5वीं क्लास की एक छात्रा की मौत हो गई हैं। हादसा उस वक्त हुआ जब घर में सिर्फ 3 साल का मासूम भाई मौजूद था। मजदूर माता-पिता खेत में गेहूं काटने के लिए गए हुए थे। करंट की चपेट में आई छात्रा ने पड़ोसियों को आवाज दी लेकिन घर के दरवाजे भीतर से बंद होने के चलते मदद की गुहार चार दीवारी के भीतर ही गूंजती रह गई। परिवार के लोग घर पहुंचे, तब तक छात्रा की मौत हो चुकी थी। मामला खंडवा जिला मुख्यालय से 90 किलोमीटर दूर ग्राम पिपलानी का हैं। घटना एक दिन पहले सोमवार सुबह की बताई जा रही है। परिजन दोपहर 12 बजे सिविल अस्पताल पुनासा लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने करंट लगने से छात्रा की मौत होने की पुष्टि की है। थाना नर्मदानगर पुलिस ने गायत्री (12) पिता प्रकाश भीलाला के शव का पोस्टमार्टम कराया हैं। थाना नर्मदानगर टीआई विकास खिंची के मुताबिक, मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया गया है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद होगी। पढ़ाई में होनहार थी बेटी, हॉस्टल एडमिशन की तैयारी थी गायत्री के पिता प्रकाश ने बताया कि, गांव के सरकारी स्कूल में ही बेटी पांचवी क्लास में पढ़ रही थी। वह पढ़ाई में काफी होशियार थी। प्राइमरी एजुकेशन के बाद अब आगे की पढ़ाई के लिए उसे छनेरा स्थित आवासीय विद्यालय भेजने की तैयारी थी। दो दिन पहले ही मैंने स्कूल के हेडमास्टर से चर्चा की थी। उन्होंने कहा कि पिछले हफ्ते ही उसके एग्जाम हुए है। अगले महीने रिजल्ट आ जाएगा। स्कूल से अंकसूची मिलेगी, उसी के आधार पर हॉस्टल में एडमिशन होगा। 3 साल से घर की रसोई, देखरेख उसी के जिम्मे थी पिता प्रकाश बताते है कि, गायत्री की मौत से मैं पूरा टूट चुका हूं। उसकी मां मंजू तो सदमें में है। गायत्री इतनी होनहार थी कि पिछले 3 साल से घर की रसोई उसी के जिम्में थी। हम लोग तो सुबह से मजदूरी के लिए निकल जाते और शाम को घर लौटते। तब वह खाना तैयार रखती थी। मां के पीरियड्स टाइम तो दोनों वक्त का खाना पकाती थी। इसके अलावा हाट जाकर सब्जीयां लाना और 3 साल के छोटे भाई की परवरिश करना उसी के जिम्में था। वह पढ़ाई के साथ घर का सारा कामकाज संभाल लेती थी। पूरे गांव में उसके जैसी बेटी नहीं थी। धूमधाम से मनाने वाले थे बेटी का बर्थडे अगले महीने यानी 8 अप्रैल को गायत्री का जन्मदिन आने वाला था। वह 13 साल की उम्र पूरी करने वाली थी। इस बार उसका जन्मदिन परिवार के साथ धूमधाम से मनाने वाले थे। क्योंकि नए सत्र से पढ़ाई के लिए हॉस्टल में दाखिला करवा रहे थे। बच्चों के मनोरंजन के लिए दो साल पहले खरीदा था टीवी प्रकाश कहना है कि, परिवार में हम पति-पत्नी, बेटी गायत्री और बेटा जिगर (3) के होने से सारे संसार की खुशियां हमारे परिवार के पास थी। ईश्वर से यहीं दुआ करते थे कि बेटा-बेटी को पढ़ाई में होशियार बनाए और इन्हें स्वस्थ जीवन दें। ठीक चल रहा था। बच्चों के मनोरंजन के लिए दो साल पहले ही हमने टीवी खरीदा था। जहां टीवी लगा है, उसी के बाजू से कूलर रखा हुआ था। दोनों का इलेक्ट्रीक स्विच एक ही है। शायद बेटी टीवी चालू करने गई होगी और उसे कूलर में उतरे करंट ने झटका मारा हैं। मासूम बेटे ने इशारे में बताया- दीदी गिर गई प्रकाश ने कहा कि, पत्नी मंजू के साथ सोमवार को सुबह 9 बजे खेत के लिए निकल गया था। गेहूं कटाई के बाद मैं खाना लेने के लिए दोपहर साढ़े 11 बजे घर पहुंचा। घर का दरवाजा खटखटाया तो बेटे जिगर ने खोला। मैंने उससे कहा कि तेरी दीदी (गायत्री) कहां है, उसने टीवी की तरफ इशारा किया और कहा कि दीदी वहां गिर गई है, कुछ बोल भी नहीं रही। मैं वहां पहुंचा तो बेटी बेसुध थी। पड़ोस के लड़के को आवाज देकर बुलाया और फिर डॉक्टर के पास ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया।



Source link


Spread the love share