मंडल के 10 स्टेशनों पर 21 दिनों तक होल्डिंग एरिया की व्यवस्था – Samastipur News

Spread the love share


पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल अंतर्गत छठ महापर्व के अवसर पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने एक विशेष कदम उठाया है। मंडल के 10 प्रमुख स्टेशनों पर 21 दिनों के लिए होल्डिंग एरिया की व्यवस्था की जा रही है, ताकि यात्रियों की आवाजाही सुगम रहे और प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ न हो।इन होल्डिंग एरिया में यात्रियों के लिए बैठने की व्यवस्था, पीने का पानी, शौचालय, प्रकाश, पंखे, चिकित्सा सुविधा, अनाउंसमेंट सिस्टम सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। रेलवे का यह कदम त्योहार के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और भीड़ नियंत्रण के उद्देश्य से उठाया गया है। उपलब्ध उनमें सहरसा,दरभंगा, सीतामढ़ी, जयनगर, सकरी, मधुबनी, बापूधाम मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, रक्सौल और समस्तीपुर शामिल हैं। बता दें कि छठ पर्व बिहार और पूर्वी भारत का एक महत्वपूर्ण लोक आस्था का पर्व है, जिसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु अपने घर लौटते हैं और फिर वापस जाते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए रेलवे हर वर्ष अतिरिक्त ट्रेनों, विशेष ट्रेनों और सुविधा विस्तार की योजना बनाता है। इस बार रेलवे ने विशेष रूप से भीड़ नियंत्रण एवं यात्री सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।रेलवे अधिकारियों ने बताया कि होल्डिंग एरिया में ट्रेनों के आगमन से पूर्व यात्रियों को रोका जाएगा ताकि प्लेटफॉर्म पर अत्यधिक भीड़ न हो और यात्री सुरक्षित ढंग से अपनी ट्रेनों में चढ़ सकें। इन क्षेत्रों में निगरानी के लिए अतिरिक्त रेलवे सुरक्षा बल और वाणिज्य कर्मी भी तैनात किए जाएंगे।रेल प्रशासन ने बताया कि इन तैयारियों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि श्रद्धालु छठ पर्व के दौरान अपने गंतव्य तक सहज, सुरक्षित और सम्मानजनक ढंग से यात्रा कर सकें।



Source link


Spread the love share