रामगढ़ जिले के पतरातू डीजल कॉलोनी में चोरी के मामूली आरोप में एक मासूम बच्चे को निर्वस्त्र कर पेड़ से लटका दिया गया और उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। इस क्रूरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, हालांकि दैनिक भास्कर इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता
.
घटना के बाद पीड़ित बच्चे के बड़े भाई, अनुराग कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जिसके आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दो हजार रुपए चोरी के आरोप में सात साल के बच्चे को नंगा कर पीटा।
₹2000 की चोरी का आरोप लगा कर पीटा
पीड़ित के भाई अनुराग कुमार ने बताया कि डीजल कॉलोनी के निवासी बबलू तिलकधारी, दुल्लू सिंह और मनोज ने उनके 7 वर्षीय छोटे भाई को पकड़ लिया। उन लोगों ने बच्चे पर 2000 रुपए चोरी करने का झूठा आरोप लगाया।
इसके बाद आरोपियों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए बच्चे की पैंट खोल दी। उसे रस्सी के सहारे पेड़ से लटका कर जमकर पीटा। जब परिजनों ने इसका विरोध किया और कारण पूछा तो आरोपी उनके घर में घुस गए और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की।

परिजन थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
वीडियो में कैद हुई दरिंदगी, पुलिस ने की कार्रवाई
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक बच्चा बिना कपड़ों के पेड़ से लटका हुआ है। उसके हाथ रस्सी से बंधे हैं। आरोपी बबलू तिलकधारी के हाथ में एक छड़ी है। इसी छड़ी से उसने पिटाई की। बच्चा दर्द से रो रहा है।
वीडियो में पास खड़ा एक युवक चेतावनी भी दे रहा है कि बच्चे का हाथ टूट जाएगा लेकिन बबलू तिलकधारी गाली देते हुए कहता है कि उसका हाथ टूटने दो। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी बबलू तिलकधारी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

भाई अनुराग की शिकायत पर एक आरोपी को अरेस्ट किया गया है।
पीड़ित बच्चे का बयान- मैं तो अमरूद तोड़ रहा था
अस्पताल में उपचाराधीन पीड़ित बच्चे ने आपबीती सुनाते हुए कहा कि वह केवल अमरूद तोड़ रहा था, तभी आरोपियों ने उसे बिना किसी मतलब के पकड़ लिया और पीटना शुरू कर दिया। मारने वाला बार-बार कह रहा था कि उसने दो हजार रुपए चुराए हैं।
बच्चे ने बताया कि उसे नंगा कर पेड़ पर लटकाया गया और उसके परिवार वालों को भी पीटा गया। मासूम बच्चा लगातार रहम की भीख मांगता रहा और चिल्लाता रहा, लेकिन आरोपियों का दिल नहीं पिघला। वे उसे लगातार पीटते रहे।