लातेहार शहरी क्षेत्र में बकरी चोरी के आरोप में दो व्यक्तियों को ग्रामीणों ने पकड़कर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया और सदर थाना ले गई।
.
जानकारी के अनुसार, लातेहार जिला मुख्यालय के वार्ड संख्या 8 निवासी ननका भुइयां की दो बकरियां बीती रात चोरी हो गई थीं। खोजबीन के दौरान उन्हें पता चला कि चोरी लातेहार के ही कुछ लोगों ने की है।
इसके बाद ननका भुइयां और अन्य ग्रामीणों ने दो संदिग्धों को पकड़ लिया। उन्होंने आरोपियों को एक पेड़ से रस्सी के सहारे बांधकर पिटाई की। यह घटना सदर थाना से मात्र 300 मीटर की दूरी पर हुई।
आरोपियों को भीड़ के चंगुल से मुक्त कराकर थाना ले गई पुलिस
किसी व्यक्ति द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। उन्होंने स्थिति को बिगड़ने से पहले ही नियंत्रण में ले लिया और दोनों आरोपियों को भीड़ के चंगुल से मुक्त कराकर थाना ले गए।
बकरी मालिक ननका भुइयां ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में बकरी चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कुछ दिन पहले भी उनकी एक बकरी चोरी हुई थी और अन्य ग्रामीणों की बकरियां भी चोरी हुई हैं। ननका का आरोप है कि पकड़े गए लोग एक संगठित गिरोह का हिस्सा हैं जो ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश था। ग्रामीणों ने कहा कि यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो स्थिति और खराब हो सकती थी। थाना प्रभारी रमाकांत गुप्ता ने बताया कि बकरी चोरी के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है और मामले की छानबीन की जा रही है।